कर्णप्रयाग। ब्लाक के धल सहित आसपास के ग्रामीण सड़क नहीं होने से परेशान हैं। शुक्रवार रात को गांव में एक महिला के बीमार होने पर ग्रामीणों ने उसे पीठ पर लादकर करीब तीन किमी पैदल चलकर अस्पताल पहुंचाया।
उत्तरों, चमाली, स्वर्का, धल, कांचुला आदि के लिए सड़क तो स्वीकृत है, लेकिन निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। धल गांव के वन पंचायत सरपंच भूपेंद्र सिंह, विनोद सिंह, शिशुपाल सिंह, इंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह और शिव सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे गांव की ममता बीमार हो गई। ग्रामीणों ने ममता को पीठ पर लादकर करीब तीन किमी पैदल चलकर सड़क तक पहुंचे और उसके बाद टैक्सी से उसे अस्पताल पहुंचाया। प्रधान किरन, कैलाश खंडूड़ी, जितेंद्र कुमार, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी जोशी आदि ने बताया कि वे कई बार सड़क निर्माण की मांग कर चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी है। वहीं पीएमजीएसवाई के ईई एए खान का कहना है कि संबधित सड़क की प्रारंभिक स्वीकृति मिलने के बाद सर्वे कर दिया गया है। सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद सड़क निर्माण किया जाएगा।