ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती । यमकेश्वर के मल्ला बनास में राज्य सरकार, ओएनजीसी व हाई फीड संस्था के संयुक्त तत्वावधान में कृषकों को बे मौसमी सब्जी के पौधे वितरित किए गए। जिलाधिकारी सुशील कुमार के निर्देशन में जिला कृषि अधिकारी दिनेश राणा ने यमकेश्वर स्थित ग्राम मल्ला बनास पहुंचकर पौधे ग्रामीणों को दिए। साथ ही कृषि विभाग की ओर से लगभग दस लाख रुपये की लागत से बन रहे फसल सुरक्षा तारबाड़ के कार्य को भी शुरू किया गया। जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि विभाग विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कार्य करने की वजह से मल्ला बनास का चयन कृषि गांव के रूप में किया गया है।
वर्तमान में यह गांव किनोवा की फसल तैयार कर रहा है। उत्पादन ठीक रहा तो इसे मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे किसानों की आय में कई गुना वृद्धि होगी। किनोवा का बीज 1500 रुपये प्रति किलो ग्राम है। पैदावार होने पर गुजरात की मीताहार प्रा. लि. कंपनी ने ग्रामीणों के साथ 5000 रुपये प्रति कुंतल खरीद के भाव से खरीद का अनुबंध हुआ है। उन्होंने कहा कि इस गांव में विभाग की ओर से हौज, गूल, चैक डाम, सुरक्षा दीवार, सुरक्षा तारबाड़ आदि किए जाएंगे। इसके अलावा उद्यान विभाग की ओर से बड़े पॉली हाउस का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर सहायक कृषि अधिकारी सत्यपाल चौधरी, पीके श्रीवास्तव, प्रोजेक्ट असिस्टेंट बचन बिष्ट, हुकम सिंह, मोहन सिंह, विमला देवी, अमृता बिष्ट, बिरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।