श्रीनगर। डीएसओ छात्र संगठन ने गढ़वाल विवि से हटाए गए आउटसोर्स कर्मचारियों को काम पर वापस लिए जाने की मांग की है। ऐसा न किए जाने पर छात्र संगठन ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
डीएसओ छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि विवि प्रशासन ने आश्वासन दिया था, कि शुक्रवार को आउटसोर्स एजेंसी से वार्ता की जाएगी, लेकिन शुक्रवार को विवि के किसी भी अधिकारी ने न तो आउटसोर्स एजेंसी से वार्ता की और न ही हटाए गए कर्मचारियों की स्थिति के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी। बिड़ला परिसर छात्रसंघ सह सचिव पूजा भंडारी ने कहा कि विवि प्रशासन आउटसोर्स कर्मचारियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं कर रहा है। यदि जल्द ही कर्मचारियों को काम पर वापस नहीं लिया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। आक्रोश जताने वालों में प्रवीण भंडारी, रेशमा पंवार, मनीषा सेमवाल आदि शामिल थे।