श्रीनगर। गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर छात्रसंघ चुनाव का विवाद थम नहीं रहा है। अपीलीय अधिकारी (कुलपति) ने छात्रसंघ के सभी पदों पर 16 नवंबर तक पुनर्मतगणना के आदेश जारी किए थे, लेकिन चुनाव समिति ने पुनर्मतगणना नहीं कराई।
बिड़ला परिसर छात्रसंघ चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया था। इस संबंध में जय हो छात्र संगठन ने ग्रीवांस समिति में शिकायत दर्ज कराई थी। ग्रीवांस समिति ने छात्रसंघ के सभी पदों पर पुनर्मतगणना के आदेश मुख्य चुनाव अधिकारी को दिए थे। बाद में शिकायतकर्ता ने अपीलीय अधिकारी (कुलपति) के समक्ष भी अपील की थी। कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने भी ग्रीवंास समिति के निर्णय को बरकरार रखते हुए सभी पदों पर 16 नवंबर तक पुनर्मतगणना के आदेश जारी किए थे, लेकिन मुख्य चुनाव अधिकारी ने निर्धारित समय सीमा तक पुनर्मतगणना नहीं कराई। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एन सिंह ने पुनर्मतगणना न होने की जानकारी दी, लेकिन इसका कारण उन्होंने स्पष्ट नहीं किया। ब्यूरो