श्रीनगर। राजकीय इंटर कॉलेज कीर्तिनगर में गढ़वाल विवि के शिक्षा संकाय की ओर से काउंसिलिंग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को बिना दबाव के अपना करियर चुनने की सलाह दी गई।
बृहस्पतिवार को स्कूल परिसर में आयोजित शिविर में छात्र-छात्राओं को उपयोगी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने छात्रों को व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देेने को कहा। काउंसलिंग के लिए उन्हें चार वर्ग विज्ञान, कला, कॉमर्स व अन्य विषय में विभाजित किया गया। शिक्षा संकाय की एसोसिएट प्रोफेसर सीमा धवन ने कहा कि छात्र-छात्राओं को रुचि के अनुसार स्वतंत्रतापूर्वक करियर चुनना चाहिए। जबकि गेस्ट फैकल्टी डा. आशु रौलेट ने कहा कि बच्चों को लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। इससे उन्हें भविष्य में करियर चुनने में दिक्कत नहीं होती है। विद्यालय के प्रधानाचार्य अवधेश मणि लाल ने शिक्षा संकाय का आभार जताते हुए भविष्य में पुन: काउंसिलिंग करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर एचएम रतूड़ी व परशुराम सेमवाल सहित बीएड/एमएम के छात्र-छात्राएं मौजूद थे।