ब्यूरो/अमर उजाला, रायवाला। राजाजी टाइगर रिजर्व की सीमाओं से सटे हरिपुरकलां क्षेत्र में इन दिनों जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात गांव में घुसे जंगली हाथी ने चारदीवारी तोड़कर फसल तहसनहस कर डाली। सोमवार की देर रात हरिपुरकलां के घनी आबादी वाले क्षेत्र राजकीय प्राथमिक विद्यालय के आसपास जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। ग्राम प्रधान सतेंद्र धमांदा ने बताया कि पार्क सीमा से निकलकर आये जंगली हाथी ने मुख्य मार्ग पर शांतिकुज आश्रम की करीब 20 मीटर चारदीवारी ध्वस्त कर दी।
इसके बाद हाथी ने आसपास के खेतों में घुसकर फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। आबादी क्षेत्र में जंगली हाथी की चहलकदमी को लेकर स्थानीय लोगों में खौफ है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं प्रकाश में आ चुकी हैं। इसको देखते हुए राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन की ओर से ऊर्जा बाड़ लगाने का आश्वासन दिया गया था। आज कई वर्षों बाद भी एहतियाती कदम नहीं उठाए जा सके हैं।
वन सीमा से सटे गांवों में हाथी के घुसने की सूचना पर तत्काल टीम मौके पर भेज कर हाथी को जंगल में खदेड़ दिया जाता है। किंतु उक्त क्षेत्र में हाथी के घुसने की सुचना नहीं मिल पाई थी।
प्रमोद ध्यानी, रेंज अधिकारी, मोतीचूर।