श्रीनगर। पूर्व सैनिक सेवा कल्याण समिति श्रीकोट गंगानाली में सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर आक्रोश जताया है। समिति का कहना है कि बाजार क्षेत्र पालिका की स्ट्रीट लाइट और ग्राम पंचायत की सोलर स्ट्रीट लाइट से रोशन है। जबकि गलियां अंधेरी हैं।
रविवार को समिति की दर्शन सिंह भंडारी की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने रोष जताया कि श्रीकोट गंगानाली को नगर पालिका में शामिल कर दिया गया है, लेकिन उनको सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। पालिका बाजार में ही सफाई करवा रही है। उन्होंने पालिका से गलियों में सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की मांग की। समिति के अध्यक्ष भंडारी ने बताया कि उनकी दो दिन पूर्व सीएसडी मुद्दे पर रक्षा मंत्रालय से वार्ता हुई है। मंत्रालय से जानकारी दी गई कि संगठन के मांगपत्र को रक्षा मंत्री की स्वीकृति के बाद सेना कमांड को भेज दिया गया है। जल्दी इस पर कार्रवाई होगी। बैठक में प्रेम मलासी, पदमा रावत, रुद्र सिंह नेगी, बलदेव सिंह नेगी, उदय सिंह, सुभाष खंडूड़ी, नरेंद्र दत्त खंडूड़ी व जगमोहन नयाल आदि मौजूद थे।