श्रीनगर। बैकुंठ चतुर्दशी मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत करेंगे। उक्त निर्णय मेले की तैयारियों को लेकर देहरादून में हुई बैठक में लिया गया। मेले का आयोजन 21 से 27 नवंबर तक किया जाएगा। मेले में नमामि गंगे कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी शिरकत करेंगे।
भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र रावत ने बताया कि मेले की तैयारियों को लेकर देहरादून में बैठक आयोजित की गई, जिसमें निर्णय लिया गया कि 21 नवंबर को मेले का उद्घाटन जीआईएंडटीआई मैदान में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत करेंगे। मेले में एक दिन नमामि गंगे कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी शिरकत करेंगे। इस मौके पर 10 हजार लोगों को गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। मेले में माधो सिंह भंडारी की जीवन गाथा पर आधारित नाटिका का मंचन भी होगा। साथ ही स्टार नाइट, गढ़-कुमाऊंनी सम्मेलन, भजन संध्या, स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। मेले में स्थानीय संस्कृति को विशेष रूप से स्थान दिया जाएगा। बैठक में श्रीनगर विधायक व उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत, डीएम पौड़ी सुशील कुमार, एसडीएम एमडी जोशी, अधिशासी अधिकारी एसपी गुप्ता, मोहन लाल जैन, गिरीश पैन्यूली आदि मौजूद रहे।