देवप्रयाग। गौरीकुंड से हरिद्वार जा रही बस सौड़पानी के निकट बेकाबू होकर सड़क से करीब 10 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि बस आल वेदर रोड कटिंग के मलबे में अटक गई, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हादसे में 9 यात्रियों को चोटें आई हैं। इन्हें उपचार के लिए ऋषिकेश ले जाया गया है। बस में बंगाल व नेपाल के करीब 35 यात्री सवार थे।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे देवप्रयाग से 22 किमी आगे सौड़पानी के निकट एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे खाई में जा पलटी। केदारनाथ दर्शन कर 35 यात्रियों को लेकर बस हरिद्वार लौट रही थी। सौड़पानी के निकट बस अचानक सड़क के पिल्लर को तोड़ते हुए खाई में गिर गयी। बस करीब 20 मीटर नीचे ऑल वेदर रोड के मलबे में अटक गई। हादसे में चालक रणवीर सिंह (50) निवासी रुद्रप्रयाग, लक्ष्मी मंडल (62) निवासी हावड़ा कोलकाता, जयपाल बहादुर (35) व भक्त बहादुर (44), सुरेंद्र बहादुर (18), प्रेमबहादुर (24), अनिल (29) निवासी कालीकोट नेपाल, सुखबीर (20) लंबाखेड़ा धामपुर के आनंद सरकार (24 ) व आसिद घोष मोहल्लाहापड़ा पश्चिम बंगाल हाथ व पैरों में चोटें आई हैं। चौकी प्रभारी विक्रम लाल शाह ने बताया कि सभी घायलों को ऋषिकेश एम्स में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस को दी जानकारी में चालक ने बस हादसे का कारण फट्टा टूटना बताया।