ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
डोईवाला। बीएसएफ इंस्टीट्यूट ऑफ एडवेंचर एंड एडवांस ट्रेनिंग डोईवाला की ओर से क्लीन गंगा, सेव गंगा अभियान के तहत आयोजित की गई तृतीय रुस्तम जी व्हाइट वाटर राफटिंग चैलेंज कप 2018 का बुधवार को समापन हो गया। समापन मौके पर मुख्य अतिथि आईपीएस अशोक कुमार ने सभी विजेताओं को ट्राफी दी।
बीआईएएटी डोईवाला मुख्यालय में समापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एडीजी लॉ एंड आर्डर अशोक कुमार ने कहा कि बीएसएफ के जनक और प्रथम महानिदेशक की याद में चैलेंज कप का आयोजन किया जाता है। ऐसी प्रतियोगिताओं से जवानों में उत्साह का संचार होता है। कमांडेंट राजकुमार नेगी ने कहा कि बीएसएफ साहसिक खेलों के माध्यम से जनमानस में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने का प्रयास कर रहा है। प्रतियोगिता में उत्तराखंड पुलिस, बीएसएफ, आर्मी, केंद्रीय सशस्त्र बल की राफटिंग टीमों ने हिस्सा लिया। व्हाइट वाटर स्प्रिट प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में सेना की टीम प्रथम और द्वितीय और आईटीबीपी तृतीय रही। वाटर स्प्रिट इवेंट में सेना की टीम प्रथम और आईटीबीपी द्वितीय, सेना की तृतीय स्थान पर रही। राफटिंग महिला में बीएसएफ प्रथम और दिल्ली द्वितीय और आईटीबीपी तृतीय स्थान पर रही। वाटर स्प्रिट इवेंट महिला वर्ग में आईटीबीपी प्रथम, बीएसएफ द्वितीय और यूसीसीआरए की टीम तृतीय स्थान पर रही। समापन अवसर पर मनोज पैन्यूली, डॉ. लक्ष्मण सिंह, वाईएस रावत, दिनेश कुमार, बीएस रावत, के. वेेलू, अविनाश नेगी, पद्मश्री लवराज सिंह धमशक्तू, पवन पंवार आदि मौजूद रहे।