देवाल। ग्राम पंचायत बलाड़ गांव के लिए निर्माणाधीन सड़क का काम छह माह से बंद पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए पांच से आठ किमी दूरी पैदल नापनी रही है। ग्रामीणों ने इस संबंध में डीएम को ज्ञापन भेजकर 15 दिन में काम शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बलाड़ ग्राम पंचायत के लिए पीएमजीएसवाई की ओर से हिमनी से बलाड़ तक करीब आठ किमी सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। हिमनी से आगे करीब छह किमी कैल नदी पर विभाग ने 48 मीटर स्पान का लोहे का पुल भी बना दिया है, लेकिन पुल के एप्रोच मार्ग से आगे बलाड़ गांव तक विभाग दो किमी सड़क का निर्माण नहीं कर पाया है। इससे ग्रामीणों को सड़क सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बलाड़ के ग्राम प्रधान केदार सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य मदन सिंह, गोविंद सिंह, बुद्धिराम ने बताया कि साढ़े सात सौ आबादी वाले बलाड़ ग्राम पंचायत बलाड़ के ग्रामीणों को सड़क सुविधा न होने से 5 से 8 किमी तक पैदल आना पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा यदि 15 दिन में सड़क कटिंग का काम शुरू नहीं होता तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। दूसरी ओर पीएमजीएसवाई ईई विनोद गगाड़ी ने बताया कि रोड कटिंग का काम कर रहे ठेकेदार की ओर से काम छोड़ने के कारण दिक्कत हुई है। जल्द ही काम दूसरे ठेकेदार को देने की प्रक्रिया की जा रही है।