ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। उत्तराखंड पर्यटन के सहयोग से बीएसएफ इंस्टीट्यूट आफ एडवेंचर एंड एडवांस ट्रेनिंग की ओर से आयोजित तृतीय रुस्तमजी व्हाइट वाटर राफ्टिंग चैलेंज कप प्रतियोगिता-2018 में आईटीबीपी की महिला टीम ने पहला स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता में पांच महिला टीमों ने भाग लिया था। मंगलवार को शिवपुरी के समीप मरीन ड्राइव पर दो दिवसीय राफ्टिंग चैलेंज कप प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रमुख वन संरक्षक जयराज ने हरी झंडी दिखाकर कर किया।
पर्वतारोहण एवं स्कीइंग संस्थान औली के उप महानिरीक्षक व प्रधानाचार्य गंभीर सिंह चौहान ने बताया कि भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल की महिला टीम के खिलाड़ियों ने एक माह पहले बेसिक राफ्टिंग कोर्स उत्तीर्ण किया था। इसके अलावा महिला खिलाड़ियों ने 1 से 15 अक्तूूूबर तक स्वच्छ भारत राफ्टिंग अभियान व ग्रीन इंडिया ड्राईव में भी हिस्सा लिया था। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में कुल पांच टीमों ने प्रतिभाग किया। महिलाओं की एक किलोमीटर स्प्रिंट रेस में आईटीबीपी की महिला टीम ने पहला स्थान, बीएसएफ ए व बी ने दूसरा और शिवपुरी की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस दौरान पर्वतारोहण एवं स्कीइंग संस्थान औली के उप महानिरीक्षक गंभीर सिंह चौहान, बीएसएफ कमाडेंट राजकुमार नेगी आदि मौजूद रहे।