श्रीनगर। केंद्रीय औद्योगिकी सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) एचएनबी केंद्रीय गढ़वाल विवि की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा लेने पर प्राथमिकता से विचार करेगा। इसके अलावा भविष्य में उत्तराखंड में रिजर्व बटालियन खोलने की योजना है।
श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम मेें भाग लेने के पश्चात पत्रकारों से वार्ता करते हुए सीआईएसएफ के महानिदेशक राजेश रंजन ने यह जानकारी दी। दरअसल, गढ़वाल विवि की कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने सीआईएसएफ से विवि की सुरक्षा व्यवस्था हाथ में लेने का अनुरोध किया था। रंजन ने बताया कि किसी भी संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना पड़ता है। इसकी अनुमति गृह मंत्रालय से लेनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो और एअरपोर्ट में महिला जवानों की जरूरत पड़ती है। उत्तराखंड में महिलाओं की भर्ती के लिए विशेष अभियान चलाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब भी भर्ती अभियान चलेगा, उत्तराखंड में जरूर लगेगा। उत्तराखंड उनकी प्राथमिकता में है। निकट भविष्य में उत्तराखंड में बल की रिजर्व बटालियन शुरू करने की योजना है। गृह मंत्रालय से अनुमति मिलने पर इस दिशा में काम होगा। बल की ओर से चलाए जा रहे अभियान ठोस अपशिष्ट निवारण कार्यक्रम में मिले अनुभवों के बारे में उन्होंने बताया कि रुद्रप्रयाग के पर्यटन व तीर्थस्थलों से चार टन कूड़ा एकत्रित किया गया है। कहा कि पर्यटन स्थलों में प्लास्टिक कूड़ा बहुत मिल रहा है, जिसके लिए जागरूकता की जरूरत है।