श्रीनगर। निर्धारित समयावधि में पीजी पाठ्यक्रम पूरा न कर पाने वाले छात्रों को गढ़वाल विवि प्रशासन ने एक और अवसर दिया है। यह सुविधा केवल उन्हीं छात्रों के लिए है जो विषम सेमेस्टर (प्रथम व तृतीय) पूर्ण नहीं कर पाए हैं। ऐसे छात्रों के लिए विवि प्रशासन विशेष परीक्षा आयोजित कर रहा है। इसके लिए आवेदन तिथि 5 नवंबर तक निर्धारित की गई है।
गढ़वाल विवि के शिक्षा सत्र 2013-15 व 2014-16 के ऐसे पीजी के छात्र जो किसी कारणवश अपना पाठ्यक्रम पूरा नहीं कर पाए हैं। उनके लिए विवि प्रशासन ने राहत दी है। विवि के कुलसचिव कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार ऐसे छात्र एक बार और विशेष परीक्षा दे सकते हैं। यह सुविधा केवल उन्हीं पीजी छात्रों के लिए है जो अपना विषम सेमेस्टर (प्रथम व तृतीय) पूर्ण नहीं कर पाए हैं। ऐसे छात्र विशेष परीक्षा के लिए 5 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा आवेदन पत्र विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है। पीजी पाठ्यक्रम पूर्ण करने के लिए चार वर्ष का समय निर्धारित हैं। जो छात्र चार वर्ष पूर्ण होने के बाद में पीजी पाठ्यक्रम पूरा नहीं कर पाए हैं। ऐसे छात्रों के लिए विवि प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। विवि के इस निर्णय से पाठ्यक्रम पूरा न कर पाने वाले छात्रों को राहत मिली है।