पोखरी (चमोली)। नंदाकुंड में पांच दिवसीय प्रथम चंद्रशिला कृषि पर्यटन मेले का चक्रव्यूह और रस्साकशी के साथ समापन हुआ। मेला आयोजकों की ओर से दो रुपये में बांटे लॉटरी टिकट के बाद हुए लक्की ड्रा में खन्नी गांव के वीरेंद्र सिंह ने कार और क्यूड़ी गांव के आयुष ने स्कूटी जीती।
15 अक्तूबर से नंदाकुंड में पहली बार पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी की पहल पर चंद्रशिला कृषि, पर्यटन मेले का आयोजन किया गया। मेले में सांस्कृतिक संध्या के साथ ही विभिन्न मनोरंजन के साधन भी उपलब्ध कराए गए थे। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी ने कहा कि आगामी वर्ष से मेले को और भी भव्य रूप से आयोजित करवाया जाएगा। मेले में राज्य स्तर की खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।
मेला अध्यक्ष विजयपाल नेगी ने कहा कि पोखरी क्षेत्र में सांस्कृतिक और पर्यटक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मेले का आयोजन किया गया। मेले के समापन पर श्रीनगर से पहुंचे कलाकारों ने चक्रव्यूह का शानदार मंचन किया। रंगकर्मी अभिषेक बहुगुणा और दीपक बिष्ट के निर्देशन में आयोजित चक्रव्यूह में अभिमन्यु वध को देख दर्शक भी भावुक हो उठे। इस दौरान हुए रस्साकशी प्रतियोगिता में महिला मंगल दल कांडई ने प्रथम और तोणजी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी दीपक बिष्ट, संरक्षक सत्येंद्र नेगी, गजेंद्र नेगी, सूबेदार मातबर नेगी, गजे सिंह, हर्षवर्द्धन राणा, जगदीश भट्ट, श्रवण सती, देवेंद्र बर्त्वाल, संदीप बर्त्वाल, थानाध्यक्ष अनिरुद्ध मैठाणी, अमरदेव भट्ट व राजेंद्र असवाल आदि मौजूद थे।