ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। नगर निगम में मर्ज ग्राम पंचायत ऋषिकेश और वीरपुरखर्द के लोगों को अब गंदगी से नहीं जूझना होगा। निगम प्रशासन ने इन नए इलाकों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का काम प्रारंभ करवा दिया है। इसके लिए पांच कूड़ा वाहनों को क्षेत्र में लगा दिया गया है। सोमवार को नगर निगम कार्यालय से सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह नेगी ने पांच कूड़ा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बताया कि शहर में पहले से ही पांच वाहन डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन योजना के तहत संचालित किए जा रहे हैं। निगम में मर्ज नए इलाकों से लगातार कूड़ा उठाने के लिए व्यवस्था करने की मांग की जा रही थी, जिस पर निगम ने पांच कूड़ा वाहनों की खरीद कर उन्हें काम में लगा दिया है।
सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि वाहन बापूग्राम, शिवाजीनगर, मीरानगर, गीतानगर, मंशा देवी, गुर्जर बस्ती आदि इलाकों से कूड़ा उठाएंगे। इन क्षेत्रों में पथ प्रकाश और सड़क व निगम से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को भी बेहतर करने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है, जिस पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। मौके पर कर अधीक्षक निशात अंसारी, सहायक अभियंता आनंद सिंह मिश्रवाण, सफाई निरीक्षक सचिन रावत आदि मौजूद थे।