पीपलकोटी। बदरीनाथ हाईवे चमोली से पीपलकोटी के बीच (16 किलोमीटर) बदहाल बना हुआ है। हाईवे का चौड़ीकरण कार्य भी आधा-अधूरा पड़ा हुआ है। फिलहाल एनएचआईडीसीएल (नेशनल हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड) का पूरा ध्यान क्षेत्रपाल भूस्खलन क्षेत्र से मलबा हटाने पर है। ऐसे में हाईवे के अन्य हिस्सों में कार्य आधा-अधूरा पड़ा है।
क्षेत्रपाल, भीमतला, कोड़िया, मायापुर और पीपलकोटी में हाईवे से डामर उखड़ गया है, जिससे यहां वाहनों की आवाजाही खतरनाक बनी है। मायापुर में हाईवे किनारे नाली निर्माण न होने से गंदा पानी हाईवे पर बह रहा है। क्षेत्रपाल और पीपलकोटी में आधी-अधूरी निर्मित पुलिया भी दुर्घटना का सबब बनीं है। लोगों ने जल्द हाईवे का सुधारीकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। बंड विकास संगठन के पूर्व अध्यक्ष अतुल शाह और जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि हाईवे की बदहाल स्थिति बनी है, लेकिन इस ओर किसी भी अधिकारी का ध्यान नहीं जा रहा है। जल्द ही हाईवे सुधारीकरण न करने पर आंदोलन किया जाएगा। एनएचआईडीसीएल के जनरल मैनेजर आरसी मिश्रा का कहना है कि हाईवे के डामरीकरण के लिए इस्टीमेट बनाकर शासन को भेज दिया गया है। जल्द ही हाईवे की स्थिति को सुधार लिया जाएगा।