गोपेश्वर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार से दो दिवसीय फादर पीटर मेमोरियल विद्यालयीय क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य मनोज भंनारी ने किया। टूर्नामेंट में पौड़ी, श्रीनगर, किल्कलेश्वर (श्रीनगर), घोलतीर (रुद्रप्रयाग), जोशीमठ और कोठियालसैंण (गोपेश्वर) की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। पहले दिन कोठियालसैंण, जोशीमठ और श्रीनगर की टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
पहला मैच क्राइस्ट एकेडमी कोठियालसैंण (गोपेश्वर) और ज्योति विद्यालय जोशीमठ के बीच खेला गया। टॉस जीतकर कोठियालसैंण की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 100 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए ज्योति विद्यालय की टीम 58 रन पर ऑल आउट हो गई और कोठियालसैंण ने 42 रनों से मैच जीत लिया। दूसरे मैच में सेकेंड हार्ट विद्यालय घोलतीर की टीम ने पहले खेलते हुए 54 रन बनाए। जवाब में ज्योति क्लब जोशीमठ ने छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इसी तरह तीसरा मैच थैरसा विद्यालय श्रीनगर और सेंटजो किलकिलेश्वर श्रीनगर के बीच हुआ। थैरसा श्रीनगर की टीम ने दस ओवर में 73 रन जोड़े। जवाब में खेलते हुए किलकिलेश्वर की टीम मात्र 35 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधक फादर स्टीफन, प्रधानाचार्य सिस्टर मर्सी, फादर जेक्सन, फादर पिंटो, खेल समन्वयक केसी पंत, रमेश पंखोली, हेम पुजारी, फादर जीजो, द्वारिका प्रसाद, पंकज यादव, नवीन कुंवर, दिव्या सती और प्रदीप राणा आदि मौजूद थे।