ब्यूरो/अमर उजाला, श्यामपुर। भट्टोंवाला ग्राम सभा में जंगली जानवरों की चहलकदमी बढ़ गई है। जंगल से सटे इस क्षेत्र में अब ग्रामीणों को गुलदार भी दिखाई देने लगा है, जिससे लोगों में खौफ बना हुआ है। ग्राम प्रधान सतीश रावत का कहना है कि एक किलोमीटर के दायरे में ऊर्जा बाड़ लगाने का प्रस्ताव वन विभाग को दिया था, मगर कोई कार्यवाई नहीं हो रही है। भट्टोंवाला में जंगली जानवरों से किसान परेशान हैं। आए दिन हाथी किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसानों के सामने खेती का संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले यहां हाथियों को रोकने के लिए खाई भी खोदी गई थी मगर उसमें भी मिट्टी भर गई है। उन्होंने मांग की है कि भट्टोंवाला में वॉर्ड-1 से वॉर्ड-7 तक जोकि जंगल से सटा क्षेत्र है ऊर्जा बाड़ लगाई जाय। वन क्षेत्राधिकारी आरपीएस नेगी का कहना है कि खैरी, गढ़ी व भट्टोंवाला के लगभग तीन किलोमीटर दायरे में ऊर्जा बाड़ लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू कराया जायेगा।