गैरसैंण। चार नवंबर से होने वाले चार दिवसीय कृषि, उद्यान एवं विकास मेले का इस बार भव्य रूप मनाया जाएगा। यहां आयोजित बैठक में मेला संचालन के लिए समिति के सक्रिय सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई। निर्णय लिया गया कि मेला शुभारंभ पर मुख्यमंत्री और समापन अवसर पर नेता विपक्ष को आमंत्रित किया जाएगा।
ब्लाक सभागार में प्रमुख सुमति बिष्ट की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान मेले में आयोजित कार्यक्रमों के संचालन के लिए वीपी काला, पुष्कर सिंह रावत और हीरा सिंह फनियाल को जिम्मेदारी दी गई। बैठक को विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने फोन पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मेले में महिला मंगल दलों के कार्यक्रम, खेलकूद, विभागीय प्रदर्शनी, लोक कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। बैठक में सांसद प्रतिनिधि हीरा प्रसाद गौड़, पूर्व राज्य मंत्री सुरेश कुमार बिष्ट, पुष्कर सिंह रावत, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पूरन सिंह नेगी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा सिंह पंवार, जानकी रावत, राकेश सजवान, जीत सिंह मेहरा, एलपी सती, सोबन शाह, संजय कुमार, दिनेश गौड़, अजीत शाह, भाजपा मंडल अध्यक्ष खिलाप सिंह गुसांई और राकेश वर्मा आदि मौजूद रहे।