कर्णप्रयाग। पांच दिनों से नगर के एटीएम से पैसे ही नहीं निकल रहे हैं। खासतौर पर एसबीआई के एटीएम कैशलेस हैं। धनराशि न निकलने पर उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एसबीआई के अपर बाजार, गांधीनगर सहित पेट्रोल पंप रोड और न्यू मार्केट में चार एटीएम संचालित हैं, लेकिन पांच दिनों से गांधीनगर, अपर बाजार और पेट्रोल पंप रोड का एटीएम ठप पड़ा है। न्यू मार्केट के एटीएम सेंटर पर कभी-कभी ही पैसा मिल रहा है। यूनियन बैंक का एटीएम सेंटर भी ठप है। उपभोक्ता वीरेंद्र कुमार, दिनेश प्रसाद, नवीन कुमार आदि का कहना है कि नगर में महज एक पीएनबी का एटीएम है, जिसमें सुबह से शाम तक लाइन लग रही है। वहीं बदरीनाथ हाईवे पर लंगासू में लगे एसबीआई के एटीएम से भी नकदी नहीं मिल पा रही है। भारतीय स्टेट बैंक के फील्ड ऑफिसर विजय भूषण का कहना है कि आरबीआई से कैश नहीं आ पा रहा है। दो-तीन दिनों में कैश पहुंचने के बाद एटीएम सेंटरों में पैसा डाल दिया जाएगा।