श्रीनगर। गढ़वाल विवि में नियमित कुलपति की नियुक्ति न होने पर अब छात्रों में भी आक्रोश पनप रहा है। छात्रों का कहना है कि नियमित कुलपति के न होने से विवि के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। छात्रों ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर जल्द नियमित कुलपति की नियुक्ति किए जाने की मांग की है।
गढ़वाल विवि में जनवरी से नियमित कुलपति नहीं हैं। विवि के कुलपति प्रो. जेएल कौल को केंद्र सरकार ने पिछले वर्ष दिसंबर में पद मुक्त कर दिया था। तब से विवि के वरिष्ठ प्रोफेसर कार्यवाहक कुलपति के तौर पर नियुक्त हैं। शनिवार को आइसा छात्र संगठन ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेज विवि में जल्द नियमित कुलपति की नियुक्ति किए जाने की मांग की है। आइसा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अतुल सती ने कहा कि केंद्र सरकार गढ़वाल विवि के प्रति उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाए हुए हैं। वहीं अभाविप, एनएसयूआई, आर्यन व छात्रम छात्र संगठनों ने भी नियमित कुलपति की नियुक्ति न होने पर आक्रोश जताया है। सभी छात्र संगठनों ने जल्द नियमित कुलपति की नियुक्ति न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।