पीपलकोटी। निजमूला घाटी के राजकीय इंटर कॉलेज गौंणा में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में 50 शिकायतें दर्ज हुईं, जिसमें से 20 का मौके पर निस्तारण किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने अपने-अपने गांवों की समस्याएं रखीं। प्रभारी जिलाधिकारी मोहन सिंह बर्निया ने अधिकारियों को समस्याओं को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। शिविर में लोनिवि एवं ऊर्जा निगम का कोई भी अधिकारी मौजूद न होने पर प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा।
शिविर में ब्यारा गांव के ग्राम प्रधान वीरेंद्र फरस्वाण ने गांव में आंगनबाड़ी भवन निर्माण की मांग उठाई। जनप्रतिनिधियों ने निजमूला-पाणा इराणी मार्ग का डामरीकरण, राइंका गौंणा में शिक्षकों की तैनाती और विद्यालय भवन की मरम्मत करने, गौंणा गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने और बिजली लाइन को दुरुस्त करने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में नकदी फसल आलू, चौलाई, राजमा, अखरोट की अच्छी पैदावार होती है, लेकिन विपणन की कोई व्यवस्था न होने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने निजमूला घाटी में विपणन केंद्र स्थापित करने की मांग भी उठाई। शिविर में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाइयां भी बांटी गईं। इस मौके पर गौंणा के प्रधान रामी देवी, लक्ष्मण सिंह, विक्रम सिंह, लखपत सिंह, उमेद सिंह और गजेंद्र सिंह रावत के साथ ही विभागीय अधिकारी मौजूद थे।