हंसूवाला गांव में हाथियों ने मचाया उत्पात
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
डोईवाला। जंगली हाथियों के झुंड ने मंगलवार रात लच्छीवाला वन रेंज से सटे गांव हंसूवाला में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने कई किसानों की धान और गन्ने की फसल रौंद डाली। किसानों की सूचना के बाद वन विभाग ने हाथियों को खदेड़ने के लिए गश्त बढ़ाने की बात कही है।
लच्छीवाला वन रेंज से सटे गांव हंसूवाला में इन दिनों जंगली हाथी उत्पात मचा रहे हैं। हाथी ऊर्जा बाड़ लांघ कर आबादी में पहुंच रहे हैं। मंगलवार देर रात गांव में घुसे हाथियों के झुंड ने खुर्शीद अहमद, राजेन्द्र सिंह, बिल्लू, विनोद, मुकेश कुमार, जयसिंह आदि किसानों की गन्ने और धान की फसल रौंद डाली। किसान हबीब अहमद ने बताया कि जंगली हाथी काफी समय से लगातार फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। विभागीय स्तर पर फसलों के नुकसान का मुआवजा भी नहीं मिल रहा है। इसके अलावा समस्या के निदान के लिए वन विभाग भी कोई ठोस प्रयास नहीं कर रहा है। मारखम ग्रांट के प्रधान परमिंदर सिंह बाउ ने बताया कि हाथियों की समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। लच्छीवाला रेंजर घनानंद उनियाल ने बताया कि हाथियों को खदेड़ने के लिए वन विभाग का गश्ती दल गठित किया जा चुका है। जिन क्षेत्रों में हाथियों की अधिक आमद हो रही है, वहां अतिरक्ति गश्त की व्यवस्था की जाएगी।