श्रीनगर। छात्रों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण किए जाने की मांग के लिए अभाविप व आर्यन छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने कुलपति से वार्ता की। कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताते हुए कहा कि विवि प्रशासन छात्रों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है, जिससे छात्र आंदोलन के लिए मजबूर हो रहे हैं। हालांकि कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने छात्रों को सकारात्मक आश्वासन दिया है।
सोमवार को अभाविप छात्र संगठन ने बिड़ला परिसर छात्रसंघ अध्यक्ष संदीप राणा व आर्यन छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने छात्रसंघ सचिव रामप्रकाश रैम्स के नेतृत्व में कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल से की। छात्रों का कहना था कि परीक्षा परिणाम समय पर घोषित न होने से छात्र अगली कक्षाओं में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। कहा कि विवि के गलतियों का खामियाजा छात्रों का भुगतना पड़ रहा है। छात्रों ने सभी विभागों में वाटर कूलर, कक्षाओं में कॉलर माइक, बिड़ला व चौरास परिसर में स्ट्रीट लाइट सहित अन्य कई मांगे कुलपति के समक्ष रखी। कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने इन सभी मांगों पर छात्रों को सकारात्मक आश्वासन दिया है। वार्ता करने वालों में बिड़ला परिसर विवि प्रतिनिधि शुभम गोस्वामी, मनीष डालिया, अरुण रावत, सौरभ नौटियाल, आर्यन छात्र संगठन से लवीश थराणा, देवकांत देवराड़ी, रॉबिनत्न सिंह, प्रदीप रावत, सम्राट राणा व योगी सती आदि शामिल थे।