ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती/ऋषिकेश । मुनिकीरेती में स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। बजट के अभाव के चलते स्टेडियम के निर्माण का कार्य ठप पड़ा हुआ था। बृहस्पतिवार को मुनिकीरेती पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने यह घोषणा की है। इसके साथ ही सीएम ने तीर्थनगरी के मुनिकीरेती में करोड़ों की लागत के थ्रीलेन ब्रिज निर्माण का कार्य जल्द पूर्ण कराने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि शासन स्तर से कराई जा रही ब्रिज योजना की जांच पूरी हो चुकी है, लिहाजा जल्द ब्रिज का निर्माण पूरा करा लिया जाएगा।
बकौल सीएम, पिछली सरकार के कार्यकाल में थ्रीलेन ब्रिज का जो इस्टीमेट बनाया गया था, उसमें करीब 15 करोड़ अधिक बजट का प्रावधान रखा गया था। ब्रिज योजना को लेकर सरकार द्वारा जांच कराई गई थी, जिससे यह जानकारी सामने आई है। सीएम ने बताया कि जांच का कार्य अब पूरा हो चुका है और अब शीघ्र थ्रीलेन ब्रिज योजना का कार्य पूरा कराया जाएगा। सड़कों की खराब हालत को लेकर किए गए सवाल पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सड़कों की स्थिति को सुधारने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की जा चुकी है। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं, जल्द सड़कों को चाक चौबंद कराया जाएगा।