ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। छात्र संघ चुनावों को लेकर निर्वाचित उपाध्यक्ष सुरेखा राणा के समर्थकों ने नगर चौक पर स्थानीय पुलिस प्रशासन के विरोध में प्रदर्शन करते हुए प्रतीकात्मक डोईवाला पुलिस का पुतला फूंका। कहा कि बवाल के दौरान पुलिस प्रशासन ने संवेदनहीनता का प्रदर्शन किया है। डोईवाला महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव परिणाम के बाद दो गुटों में हाथापाई और मारपीट के मामले में पुलिस पर मूक होने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने रविवार को नगर चौक पर प्रदर्शन करते हुए पुलिस के पुतले को जलाया।
माहौल खराब होने के लिए पुलिस प्रशासन को आरोपी ठहराया। पूर्व विश्वविद्यालय प्रतिनिधि नितेश ओर सूरज ने कहा कि डोईवाला पुलिस ने छात्र संघ चुनाव को बेहद हल्के रूप में लिया। कॉलेज में बाहरी लोगों पर पुलिस का अंकुश नहीं होने से विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिम्मेदारी पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया जाना चाहिए। कॉलेज के पूर्व सह सचिव आकाश थापा ने कहा कि चुनाव से पूर्व में भी अराजक और असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया था। पुतला दहन में चपूजा लोधी, नीलम, सूरज, सुरेश राणा, केशव नेगी, अनिमेश वर्मा, मयंक शर्मा, उत्तम, कविराज, दीपक, प्रवीण के अलावा कई छात्र छात्राएं मौजूद रहे।