गैरसैंण/आदिबदरी। ब्लाक का प्राथमिक विद्यालय सिराणा जर्जर हालत में है तो आदिबदरी के कई विद्यालयों में शिक्षकों का टूटा बना है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार स्कूल की मरम्मत और स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती की मांग विभाग से कर चुके हैं लेकिन मांग पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
प्राथमिक विद्यालय सिराणा गैरसैंण में बारिश आते ही विद्यालय के कमरे और प्रांगण में पानी भर जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में 48 बच्चे हैं, लेकिन मांग के बावजूद स्कूल भवन का जीर्णोद्धार नहीं हो पा रहा है। विद्यालय के प्रबंध समिति के अध्यक्ष कर्ण सिंह नेगी, दरवान सिंह, तुला राम, जगदीश लाल, वचन सिंह, बुद्घि सिंह, बगोली देवी, महेशी देवी आदि ने जल्द स्कूल भवन के जीर्णोद्धार की मांग की।
दूसरी ओर आदिबदरी के कई विद्यालयों में शिक्षकों का टोटा बना है। तहसील के राजकीय इंटर कालेज सिलपाटा में 143 छात्र-छात्राएं हैं, लेकिन यहां स्वीकृत नौ प्रवक्ताओं में से केवल दो प्रवक्ता तैनात किए गए हैं, जबकि एलटी वेतनक्रम में भी तीन पद रिक्त हैं। राजकीय इंटर कालेज कांसुवा में भी प्रवक्ता के पांच और एलटी के चार पद रिक्त हैं, जबकि जीआईसी देवलकोट में नागरिक शास्त्र, इतिहास, गणित, हिंदी के प्रवक्ता पदों पर लंबे समय से तैनाती नहीं हुई है। एलटी वेतनक्रम में दो पद रिक्त हैं। हाईस्कूल विजयसैंण में हिंदी, विज्ञान और व्यायाम के अध्यापकों के पद रिक्त हैं। सिलपाटा के प्रधान संत राम और कांसुवा के पीटीए अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट ने कहा कि जल्द शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी शंकर लाल आर्य का कहना है कि विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती के लिए शासन से पत्राचार किया जा रहा है।