श्रीनगर। स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर लखनऊ विवि में अंतर विश्वाविद्यालयी वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर में 14 सितंबर को वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रथम दो स्थान प्राप्त करने वाले छात्र लखनऊ विवि में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
गढ़वाल विवि के डीएसडब्ल्यू प्रो. पीएस राणा ने बताया कि डीएसडब्ल्यू बोर्ड की वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजक कमेटी को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। कमेटी में डा. मोहन पंवार संयोजक और प्रो. मोनिका गुप्ता व अनिल नौटियाल सदस्य हैं। प्रो. राणा ने बताया कि बिड़ला परिसर में 14 सितंबर को वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए 12 सितंबर तक पंजीकरण कराया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम दो स्थान प्राप्त करने वाले छात्र लखनऊ विवि में 18 सितंबर को आयोजित होने वाली अंतर विश्वविद्यालयी वाद विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। लखनऊ विवि व स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा स्मृति समिति की संयुक्त पहल पर ‘सोशल मीडिया: वरदान या अभिशाप’ वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।