गोपेश्वर। दशोली की मां नंदा की डोली यात्रा कुमजुग गांव से विदा लेने के बाद कुंडबगड़ गांव होते हुए रात्रि प्रवास के लिए लुंतरा गांव पहुंची, जबकि बधाण की मां नंदा उस्तोली गांव से सरपाणी व लांखी गांव का भ्रमण करने के बाद भेंटी गांव पहुंची।
रविवार को सुबह आठ बजे आचार्य ब्राह्मणों ने मां नंदा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद ग्रामीणों और ध्याणियों ने मां नंदा को शृंगार सामग्री भेंट की। मां नंदा से मिलने के लिए अन्य गांवों के भक्तगण पहुंचे हुए थे। कुमजुग गांव में मां नंदा ने पूजा-अर्चना होने के बाद कैलाश के लिए प्रस्थान किया। वहीं, भेंटी और लुंतरा गांव में मां नंदा की डोली यात्रा का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। इस मौके पर पंडित दयाराम गौड़, मुंशीचंद्र, विनोद प्रसाद, रजनी, संगीता, माहेश्वरी, देवेश्वरी, कमला, सुमन, पारेश्वरी, रामेश्वरी देवी, प्रदीप, धर्म सिंह आदि मौजूद थे।