आज प्रकट होंगे नंदलाल, सजे मंदिर
पछवादून में नंदलाल के जन्मोत्सव की तैयारियां पूरी
ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
पछवादून में नंदलाल का जन्मोत्सव बनाने की तैयारियां पूरी हो चुकी है। मंदिरों को फूलों और लड़ियों से सजाया गया। इसके अलावा भजन कीर्तन आदि अनुष्ठान की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। कृष्ण जन्माष्टमी के दौरान मंदिरों में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के लिए क्षेत्र के सनातन धर्म मंदिर, गीता भवन, लाइन जीवनगढ़ स्थित गौरी शंकर मंदिर, डाकपत्थर स्थित प्राचीन शिव मंदिर, श्रीहनुमद्धाम, सेलाकुई, ब्रह्मकुमारी आश्रम, काली मंदिर, बाईपास रोड स्थित मंदिर समेत शहर के विभिन्न मंदिरों में सजावट की गई है। मंदिरों में झाकियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार देर रात तक का काम चलता रहा। रविवार को कई मंदिरों में श्रीकृष्ण लीला, श्रीमद्भागवत कथा, कीर्तन-प्रवचन भी होंगे। रात के समय कई मंदिरों में भगवान को 56 भोग लगाया जाएगा। सनातन धर्म मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भजन संध्या का आयोजन होगा। इस मौके पर वृदांवन के हाऊ-बिलाऊ और गोविंद भार्गव भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का बखान करेंगे। सोमवार को हवन यज्ञ के बाद झंडारोहण होगा। इसके बाद विकासनगर बाजार में कान्हा की भव्य झांकी निकाली जाएगी।