महाविद्यालय छात्रसंघ चुनावों के लिए छह पदों पर होगा मतदान
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
डोईवाला। महाविद्यालय छात्रसंघ चुनावों के लिए नए प्रावधानों के तहत छात्रसंघ के छह पदों पर सीधा चुनाव और कार्यकारिणी के छह पद मेधावी और उत्कृष्ट छात्र छात्राओं से भरे जाएंगे। इन पदाधिकारियों का चयन छात्रसंघ चुनाव के बाद होगा।
शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला समेत प्रदेश के सभी महाविद्यालयों के छात्रसंघ चुनाव आठ सितंबर को एक साथ होंगे। नए प्रावधानों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और सांस्कृतिक सचिव पदों पर मतदान से चुनाव होगा। इस बार विभिन्न पदों के उम्मीदवारों को छात्र छात्राओं से सीधा संवाद के लिए आम सभा आयोजित की जाएगी। इसमें उम्मीदवारों को अपना पक्ष रखने के लिए पांच मिनट का मौका होगा। वहीं कार्यकारिणी के छह पद मेधावी और उत्कृष्ट छात्र छात्राओं के चयन से भरे जाएंगे। छह के पदों को अप्रत्यक्ष तरीके से जिसमें से दो मेधावी, एनसीसी, एनएसएस, खेल और उत्कृष्ट कार्य से कॉलेज का नाम रोशन करने वाले छात्र प्रतिनिधि को शामिल किया जाएगा। डोईवाला महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. केएल तलवाड़ ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव नए प्रावधानों के तहत कराए जाएंगे।
डॉ. एसपी सती बने मुख्य चुनाव अधिकारी
शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला के छात्रसंघ चुनाव के लिए डॉ. एसपी सती को मुख्य चुनाव अधिकारी का दायित्व दिया गया है। प्राचार्य डॉ. एमसी नैनवाल ने बताया कि चुनाव समिति में डॉ. रवि रावत, डॉ. नूर हसन और डॉ. अनिल भट्ट बतौर सदस्य रहेंगे। वहीं मतदाता छात्र छात्राओं के परिचय पत्र चीफ प्रॉक्टर डॉ. डीएस नेगी के डिजीटल हस्ताक्षर से निर्गत किए जा रहे हैं।