- भाकियू (टिकैत) ने खंड शिक्षाधिकारी का किया घेराव
ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
बाईपास रोड स्थित एक निजी स्कूल प्रबंधन पर केरल बाढ़ के नाम पर छात्रों से चंदा इकट्ठा कराने का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने खंड शिक्षाधिकारी का घेराव किया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
यूनियन के जिलाध्यक्ष विमल तोमर ने आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल प्रबंधन छात्रों से चंदा एकत्रित करवा उनका शोषण कर रहा है। स्कूल प्रबंधन को बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अपने स्तर से धनराशि एकत्रित करनी चाहिए। लेकिन स्कूल प्रबंधन ने उक्त जिम्मेदारी को छोटे बच्चों के कंधों पर डाल दिया है। छात्रों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। स्कूल की छुट्टी होने के बाद छात्र घर घर जाकर बाढ़ पीड़ितों की मदद पर चंदा एकत्रित करने का काम कर रहे हैं। इस मौके पर महामंत्री पंजाब सिंह मजीठिया, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार, हरबीर सिंह, संजय पंवार, नवीन, संजू, सुनीत, नीरज, जसपाल, इंदरीश, दीपा, विनोद कुमार, राजवीर सिंह आदि मौजूद रहे।