ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। अंतर्राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर क्रीड़ा भारती और पंचवटी स्पोर्ट्स प्रोमोशन फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। जूनियर हाईस्कूल डोईवाला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी अरुण कुमार सूद ने कहा कि उत्तराखंड में विभिन्न खेलों की प्रतिभाएं मौजूद हैं। उनको आगे लाने के लिए खेल संगम जैसे कार्यक्रम संचालित करने होंगे।
क्रीड़ा भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव सैनी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कबड्डी, कुश्ती और अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए कारगार कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किया जाएगा। कहा कि उदीयमान खिलाड़ियों को सरकार से मदद दिलाने का भी प्रयास संगठन करेगा। कार्यक्रम में बॉडी बिल्डिंग के चैंपियन तेजेंद्र सिंह समेत कई खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा, डॉ. बलजीत सिंह सोढ़ी, संजीव लोधी, ललित पंत, सुचिता, सुनीता भट्ट, राकेश लोधी, राकेश नौटियाल, हरीश शर्मा, तरुण चोपड़ा, विशाल शर्मा, मधु आर्य, अनिल चौहान, केवट चंद, हरीश कुमार और किरण अरोड़ा आदि मौजूद थे।