धरना प्रदर्शन के बावजूद सुध नहीं लेने का आरोप
ब्यूरो/अमर उजाला/ विकासनगर।
लक्ष्मीपुर में शराब के ठेके के विरोध में धरना प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं की 115 दिन बाद भी शासन-प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली है। महिलाओं ने ठेके का अन्यत्र स्थानांतरण न होने तक धरना प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी है।
ग्राम प्रधान रीना डोगरा ने प्रदेश सरकार पर जन सरोकारों के प्रति ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि महिलाएं बीते 115 दिन से शराब के ठेके के विरोध में आंदोलनरत हैं, लेकिन अब तक प्रशासन के किसी भी अधिकारी ने सुध नहीं ली है। क्षेत्रीय विधायक भी इस समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्राम प्रधान रीना डोगरा का कहना कि शराब ठेका बरोटीवाला के लिए स्वीकृत है, लेकिन मानकों को ताक पर शराब का ठेका लक्ष्मीपुर में खोला गया है। घनी आबादी क्षेत्र के बीच में ठेका होने से महिलाओं और युवतियों का सड़क से गुजरना तक मुश्किल हो गया है। इसके अलावा शराब ठेके के नजदीक ही दो स्कूल भी हैं। यदि सरकार जल्द ही ठेके को अन्यत्र शिफ्ट नहीं करती तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में दिगंबर भंडारी, भारती राना, अनीता लामा, रोशनी राठौर, रोशनी गुलेरिया, शांति रावत, सुमित्रा वालिया, किशन देई, कौशल्या राना, मोना खातून, रूपा रानी, रूमा गुरुंग, पूनम थापा, सुनीता थापा, ऋषिपाल, राशिद आदि शामिल रहे।