श्रीनगर। बारिश ने शहर और आसपास के क्षेत्रों के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोल दी है। जलभराव से राहगीरों और वाहन चालकों को सड़कों पर बने गड्ढे नजर नहीं आ रहे है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। दूसरी ओर आपदा परिचालन कंट्रोल रूम में शिकायत करने के बावजूद बंद नालों को नहीं खोला जा रहा है।
दो दिन से हो रही बारिश से बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग समेत अन्य स्थानों में बरसाती पानी के तालाब बन गए हैं। कुछ स्थानों में स्कपर और सड़क किनारे नालियों के चोक होने से समस्या और विकराल बन गई है। स्थानीय निवासी रामलाल और दीपशिखा ने बताया कि वह सुबह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी, लेकिन गली से सड़क तक आने का रास्ता नहीं मिला। पानी के तालाब की वजह से उन्हें लौटना पड़ा। वहीं स्थानीय राजेश ने बताया कि सुबह ऑफिस जाते वक्त वह नाली में गिरकर चोटिल हो गए। वहीं, श्रीकोट में जलभराव की समस्या शुक्रवार सुबह आपदा परिचालन कंट्रोल रूम में सवा 10 बजे नोट कराई गई थी, लेकिन दो दिन बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
इधर, कंट्रोल रूम के अनुसार, जल भराव की शिकायत मिलने पर लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, नगर पालिका और क्षेत्रीय राजस्व उप निरीक्षक को दूरभाष पर अवगत करा दिया गया था।