श्रीनगर। छात्रों ने गढ़वाल विवि प्रशासन से विभागों में रिक्त सीटों पर छात्रों को सीधा प्रवेश दिए जाने की मांग की है। इसके साथ ही तृतीय व चतुर्थ सेमेस्टर के पुर्नमूल्यांकन का परिणाम रविवार तक घोषित किए जाने की भी मांग की।
शनिवार को जय हो छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने बिड़ला परिसर छात्र संघ अध्यक्ष प्रदीप पंवार के नेतृत्व में कुलपति अन्नपूर्णा नौटियाल से वार्ता की। पंवार ने विभिन्न विभागों में रिक्त सीटों पर सीधा प्रवेश दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि एमए योगा में पूर्व की भांति 60 सीटों पर ही छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाए। साथ ही बीएससी में जिन छात्रों का 6वां सेमेस्टर पूर्ण हो गया है। उनके तृतीय व चतुर्थ सेमेस्टर के पुर्नमूल्यांकन का परिणाम रविवार तक हर हाल में घोषित किया जाए। छात्रों की मांग पर कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने सकारात्मक आश्वासन दिया है।