ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। यमकेश्वर ब्लॉक की ग्रामसभा कोठार और धमांद के बीच सरकारी भूमि पर सड़क निर्माण के विरोध में अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता क्रांति कपरुवाण की तबीयत बीते बृहस्पतिवार की रात अचानक बिगड़ गई। सूचना मिलने पर एसडीएम यमकेश्वर पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अनशनकारी को जबरन उठाकर ऋषिकेश स्थित एसपीएस राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, क्रांति कपरुवाण विभिन्न मांगों को लेकर अस्पताल में भी अनशन जारी रखे हुए हैं। इस दौरान अस्पताल में उनका हालचाल जानने के लिए राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय ग्रामीणों का आना-जाना लगा हुआ है।
प्राचीन नीलकंठ क्षेत्र स्थित झिलमिल गुफा के समीप पिछले सात दिनों से अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता क्रांति कपरुवाण के स्वास्थ्य में गिरावट आने पर चिकित्सकों के पैनल ने उनकी जांच की। इस दौरान शरीर में पानी की मात्रा में कमी की रिपोर्ट मिलते ही एसडीएम यमकेश्वर किशन सिंह नेगी थाना लक्ष्मणझूला के पुलिसकर्मियों के साथ बीते बृहस्पतिवार देर रात अनशन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने अनशन पर बैठे क्रांति कपरुवाण को जबरन उठाकर एसपीएस राजकीय चिकित्सालय भिजवाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया है। स्वास्थ्य में गिरावट के बावजूद क्रांति मांगों को लेकर अस्पताल में भी अनशन पर डटे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सरकारी भूमि पर अवैध तरीके से सड़क निर्माण पूर्ण रूप से नहीं रोका जाता है और मौके से जेसीबी को नहीं हटाया जाता है, तब तक वह अपना अनशन जारी रखेंगे। मामला गंभीर देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने ऋषिकेश कोतवाली पुलिस से सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की है। इस बाबत एक पत्र पुलिस को भी भेजा गया है। मौके पर यूकेडी के वरिष्ठ नेता शांति प्रसाद भट्ट, समाजसेवी कुसुम जोशी, भूपेंद्र राणा, नवीन राणा, गोपाल सिंह पंवार, नवीन शर्मा, विवेक भंडारी, देवेंद्र पयाल, दीपक जुगलाण, वेदप्रकाश जुगलाण आदि मौजूद थे।
मिलने को अस्पताल पहुंच रहे लोग
ऋषिकेश। शुक्रवार सुबह अनशनकारी क्रांति कपरुवाण से मिलने व उनकी कुशलक्षेम जानने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता अस्पताल पहुंचे। ग्राम प्रधान संगठन यमकेश्वर के अध्यक्ष दिनेश भट्ट, जिला पंचायत सदस्य मीरा रतूड़ी, यूकेडी के संरक्षक त्रिवेंद्र सिंह पंवार, पूर्व दरजाधारी राज्यमंत्री रमेश उनियाल और कांग्रेेस की प्रदेश सचिव रुचि कैंतुरा ने भी अस्पताल पहुंचकर क्रांति कपरुवाण की कुशलक्षेम जानी।
जेसीबी को शीघ्र हटाएं: विधायक
ऋषिकेश । सरकारी भूमि पर अवैध तौर पर सड़क निर्माण किए जाने संबंधी प्रकरण में यमकेश्वर विधायक ऋतु खंडूड़ी ने जिलाधिकारी पौड़ी को पत्र प्रेषित कर उनसे झिलमिल गुफा के समीप खड़ी जेसीबी मशीन को हटाने के लिए कहा है। उन्होंने जेसीबी को लक्ष्मणझूला थाने ले जाने की बात भी पत्र में कही है। विधायक ने डीएम से सड़क बनाने के लिए स्थानीय ग्रामीणों की कृषि भूमि काटने की जांच कराने को भी कहा है।