जोशीमठ। लामबगड़ में मलबा आने से बंद हुआ बदरीनाथ हाईवे करीब 14 घंटे बाद खुला। हाईवे खुला तो जगह-जगह रोके गए तीर्थयात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु तो हो गया है, लेकिन यहां वाहनों की आवाजाही खतरनाक बनी है। बारिश होने पर यहां चट्टान से पत्थर और मलबा हाईवे पर गिर रहे हैं।
बारिश से लामबगड़ में मलबा आने से बदरीनाथ हाईवे बुधवार शाम को सात बजे बंद हो गया था। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे मेकाफेरी कंपनी जेसीबी और मजदूरों के साथ हाईवे खोलने पहुंची। बारिश थमने के बाद हाईवे खोलने का काम शुरू किया गया और सुबह करीब सवा नौ बजे हाईवे को वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु किया गया। हाईवे खुलने के बाद पांडुकेश्वर में रोके गए 342 तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ के लिए रवाना किया गया, जबकि पुलिस की ओर से बदरीनाथ में रोके गए 220 तीर्थयात्रियों को उनके गंतव्य को भेजा गया। लामबगड़ क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही भारी बारिश से बदरीनाथ हाईवे बार-बार बाधित हो रहा है, जिससे तीर्थयात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लामबगड़ नाले में जलस्तर बढ़ने से छोटे वाहनों की आवाजाही भी मुश्किल से हो पा रही है। जोशीमठ के एसडीएम योगेंद्र सिंह का कहना है कि लामबगड़ में अधिक देर तक हाईवे बंद नहीं होने दिया जा रहा है।