कर्णप्रयाग। गंगा स्वच्छता मंच की बैठक में गंगा स्वच्छता पर जोर दिया गया। प्रदेश सह संयोजक विजय प्रसाद सती ने कहा कि निर्मल और अविरल गंगा के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है। गंगा को स्वच्छ रखने के लिए केवल मैदानी क्षेत्रों में ही नहीं बल्कि उद्गम से प्रयास होने चाहिए। इस दौरान गंगा स्वच्छता जागरूकता के लिए जिले में मंच का विस्तार करते हुए चार जिला सह संयोजक और मीडिया प्रभारी मनोनीत किए गए।
मंच की बैठक में मंच के प्रदेश सह संयोजक सती ने कहा कि केंद्र सरकार ने आगामी दो-तीन वर्षों में गंगा को निर्मल करने का संकल्प लिया गया है, जिसके लिए प्रयास उद्गम से किए जाने हैं। चमोली जिले से अलकनंदा का उदगम है। लिहाजा यहां गंगा की स्वच्छता के लिए लोगों का जागरूक करना मंच का उद्देश्य है। बैठक में मंच के जिला संयोजक विनोद नेगी ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए गोपेश्वर से जिला पंचायत सदस्य ऊषा रावत, गौचर से भाजपा नेता जयकृत बिष्ट, नारायणबगड़ से गिरीश चमोला और घाट से संजय पुरोहित को जिला सह संयोजक की जिम्मेदारी दी। साथ ही बलबीर बिष्ट को मीडिया प्रभारी बनाया गया। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंच के प्रदेश सह संयोजक विजय सती ने कहा कि प्रदेश गंगा स्वच्छता को लेकर कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष महिपाल नेगी, युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सतेंद्र बिष्ट, ओमकार बहुगुणा, धीरेंद्र भंडारी सहित कई लोग मौजूद थे।