थराली। राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी में शिक्षकों सहित संचालित संकायों में सीटें बढ़ाने की मांग के लिए आमरण अनशन पर बैठे छात्रों का स्वास्थ्य खराब होने पर छात्रों को प्रशासन ने जबरन अस्पताल में भर्ती कराया। प्रशासन की इस कार्रवाई से गुस्साए अन्य छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया और उच्च शिक्षामंत्री धन सिंह रावत का पुतला फूंका। वहीं देर शाम अनशनस्थल पहुंचीं विधायक मुन्नी देवी ने अन्य छात्रों को एक माह में समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने अनशनकारी छात्र नवीन चंदोला और राहुल टम्टा को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया।
मांगों के समर्थन में छह छात्र कई दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं। बुधवार शाम को तीन छात्रों सुनील रावत, प्रमोद कुमार और नवीन देवराड़ी का स्वास्थ्य खराब होने पर प्रशासन ने जबरन उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि अनशनकारी राजेश चौहान की तबीयत खराब होने पर उन्हें बृहस्पतिवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे नाराज छात्र-छात्राओं ने सुबह दस बजे महाविद्यालय प्रशासन, उच्च शिक्षा विभाग और सरकार के खिलाफ तलवाड़ी बाजार तक जुलूस निकाला और प्रदर्शन किया। दोपहर दो बजे यहां विधायक मुन्नी देवी शाह पहुंचीं। मुन्नी देवी ने मांगों पर एक माह में समस्याएं हल करने की बात कही। इस पर छात्र माने और आंदोलन स्थगित किया। छात्र-छात्राओं ने कहा कि यदि एक माह में समस्याओं पर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वार्ता में ब्लाक प्रमुख राकेश जोशी, भाजपा के मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह, जिला पंचायत सदस्य भावना रावत, राजस्व निरीक्षक सुदर्शन सिंह बुटोला, थानाध्यक्ष सुभाष जखमोला, राजस्व उपनिरीक्षक विनोद कुमार सहित प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राएं समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
इंसेट
गैरसैंण में अनशन जारी
गैरसैण। अध्यापकों की नियुक्ति, गैरसैण से कालेज तक यात्रा भाड़ा में छूट, चार दिवारी और खेल मैदान निर्माण सहित चार सूत्री मांगों लिए महाविद्यालय के छात्रों का आमरण अनशन तीसरे दिन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। अनशनकारी छात्र सूरज कुमार और हरिवशं शाह ने कहा कि जब तक छात्र-छात्राओं की मांगों पर कार्रवाई नहीं होती आंदोलन जारी रहा। वहीं बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डा. विकास और रघुवीर पंवार ने अनशनकारी छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान अनशनकारी छात्रों का रक्त चाप सामान्य से कम पाया गया। वहीं आंदोलन को कांग्रेस नेता सुरेश कुमार बिष्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट, देवेंद्र बिष्ट, चंद्रमोहन पंत, संजय कुमार आदि ने अनशन स्थल पर जाकर समर्थन दिया।
------------------------------------------------------------------
अनशन पर बैठे सुनील रावत, प्रमोद कुमार और नवीन देवराड़ी को स्वास्थ्य खराब होने पर अस्पताल में भर्ती कराया जबकि अनशनकारी राजेश चौहान की तबीयत खराब होने पर उन्हें बृहस्पतिवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया। इससे नाराज छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर से लेकर तलवाड़ी बाजार तक प्रदर्शन किया।