श्रीनगर। गढ़वाल विवि की पीजी प्रवेश परीक्षा क्वालीफाई करने के बावजूद करीब 300 से अधिक छात्र काउंसिलिंग में प्रतिभाग नहीं कर पा रहे हैं। दरअसल, यह छात्र सीबीसीएस (च्वाइस बेस क्रेडिट सिस्टम ) के तहत स्नातक प्रथम व तृतीय सेमेस्टर में भाषा विषय के तहत अंग्रेजी का प्रश्नपत्र क्वालीफाई नहीं कर पाए हैं। ऐसे में अब छात्रों पर अंग्रेजी भारी पड़ गई है।
गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर सहित पौड़ी व टिहरी परिसर में 11 अगस्त से पीजी कक्षाओं में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। बिड़ला परिसर के करीब 300 से अधिक छात्र पीजी प्रवेश परीक्षा में सफल होने के बावजूद काउंसिलिंग प्रक्रिया में प्रतिभाग नहीं कर पा रहे हैं। डीएसओ के प्रवीण भंडारी व रेशमा शाह ने बताया कि यह छात्र स्नातक प्रथम सेमेस्टर व तृतीय सेमेस्टर की अंग्रेजी भाषा का प्रश्नपत्र क्वालीफाई नहीं कर पाए हैं। रेशमा ने बताया कि इन सभी छात्रों ने कक्षा 8 के बाद से अंग्रेजी नहीं पढ़ी है और अब स्नातक स्तर पर अंग्रेजी भाषा सीबीसीएस के तहत थोपी गई है। डीएसओ छात्र संगठन ने भाषा विषय के तहत अंग्रेजी भाषा के प्रश्नपत्र (प्रथम व तृतीय सेमेस्टर) में स्पेशल बैक पेपर कराए जाने की मांग की। छात्रों ने यह भी मांग की है कि जब तक स्पेशल बैक पेपर के परिणाम घोषित नहीं हो जाते पीजी कक्षाओं में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया स्थगित कर दी जाए। छात्रों ने विरोध स्वरूप विवि के संयुक्त कुलसचिव डा. एके मोहंती के कार्यालय के समक्ष धरना भी दिया। वहीं संयुक्त कुलसचिव डा. एके मोहंती ने कहा कि काउंसिलिंग प्रक्रिया स्थगित नहीं की जाएगी। इन छात्रों के बारे में भी सोचा जाएगा।