शहीद हमीर सिंह की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
लोगों ने पार्थिव शरीर पर बरसाए फूल, शहीद को किया नमन
मुनिकीरेती स्थित श्मशानघाट पर सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
जम्मू-कश्मीर स्थित बांदीपुरा के गुरेज सेक्टर में आंतकियों के साथ लोहा लेते हुए शहीद हुए ऋषिकेश के गुमानीवाला निवासी जांबाज हमीर सिंह पोखरियाल की अंतिम यात्रा में गांव से लेकर शहर तक जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, टिहरी के पुलिस कप्तान डॉ. योगेंद्र सिंह रावत और पूर्व काबीन मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण समेत सैन्य अधिकारियों ने पुुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद गमगीन माहौल में पाकिस्तान मुर्दाबाद और हमीर सिंह अमर रहें के घोष के बीच मुनिकीरेती के कैलासगेट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम विदाई दी गई।
गुमानीवाला स्थित कुंजापुरी कॉलोनी से शहीद हमीर सिंह पोखरियाल के पार्थिव शरीर को सैन्य वाहन में रखकर बृहस्पतिवार सुबह करीब 9 बजे अंतिम यात्रा शुरू हुई। शहीद की अंतिम यात्रा हरिद्वार बाईपास मार्ग से होते हुए मंशा देवी रेलवे फाटक पर पहुंची। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने पुष्पवर्षा कर शहीद को श्रद्धाजंलि दी। बाईपास मार्ग से गुजर रहे कांवड़ियों ने भी वाहन रोक कर शहीद की अंतिम यात्रा को रास्ता दिया। इस दौरान कांवड़ियों ने भी शहीद हमीर सिंह अमर रहें और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। अंतिम यात्रा के दौरान रेलवे फाटक पर कुछ देर के लिए यातायात ठप रहा। अंतिम यात्रा ऋषिकेश-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए कालेकीढाल, भरत विहार और पुरानी चुंगी पर पहुंची यहां स्थानीय लोगों ने शहीद के पार्थिव शरीर पर फूल बरसाए।
दून तिराहे पर व्यापारियों ने शहीद को श्रद्धांजलि दी। लक्ष्मणझूला रोड पर श्रीहेमकुंड गुरुद्वारा ट्रस्ट प्रबंधन की ओर से शहीद की पार्थिव शरीर पर चादर चढ़ाई। मुनिकीरेती में कैलासगेट पर भी स्थानीय लोगों ने सैन्य वाहन में रखे शहीद के पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाए। शहीद की अंतिम यात्रा दोपहर 12:50 बजे मुनिकीरेती श्मशान घाट पर पहुंची।
इस दौरान मेजर राहुल मिश्रा, कैप्टन सिद्धार्थ, एसडीएम नरेंद्रनगर लक्ष्मीराज चौहान, ऋषिकेश एसडीएम हर गिरि, सीओ जेपी जुयाल, वीरेंद्र सिंह रावत और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने शहीद को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा सेना के सात जवानों ने तीन राउंड फायरिंग कर सलामी दी। इसके बाद सैन्य अधिकारियों ने शहीद के पिता जयेंद्र सिंह पोखरियाल को तिरंगा झंडा सौंपा। शहीद के छोटे भाई सुनील कुमार पोखरियाल ने नम आंखों से बड़े भाई की चिता को मुखाग्नि दी।
इस मौके पर नायब तहसीलदार केडी जोशी, कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी, ऊर्जा निगम के एसडीओ महेंद्र सिंह, नगर निकाय के अधिशासी अधिकारी बीपी भट्ट, जिला पंचायत सदस्य सुनीता उपाध्याय, लक्ष्मी सजवाण, गुमानीवाला की प्रधान पुष्पा उनियाल, खदरी खड़कमाफ प्रधान सरोप सिंह पुंडीर, गढ़ी मयचक प्रधान जयेंद्र रावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, जयेंद्र रमोला, जयदत्त शर्मा, बचन पोखरियाल, शिवमोहन मिश्र, जयपाल जाटव, महंत विनय सारस्वत, चेतन शर्मा, अनीता ममगाईं, चंद्रवीर पोखरियाल, महावीर खरोला, राकेश सेंगर, पंकज शर्मा, सतवीर तोमर, डा. राजे नेगी, देवेंद्र रावत, आदेश तोमर, राजपाल खरोला आदि मौजूद रहे।