त्यूनी में न फरियादी पहुंचे न अधिकारी, विकासनगर में 21 शिकायतें दर्ज
ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
तेज बारिश के बीच मंगलवार को विकासनगर और त्यूनी तहसील में आयोजित होने वाला तहसील दिवस पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुआ। विकासनगर में आयोजित तहसील दिवस में जहां 21 शिकायतें दर्ज की गई वहीं, त्यूनी तहसील में आयोजित तहसील दिवस में न तो अधिकारी पहुंचे और न ही फरियादी। यहां तहसीलदार स्वराज तोमर दिनभर कार्यालय में बैठ अपने काम निपटाते रहे। उन्होंने बताया कि मामले में रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम को भेजी जा रही है।
विकासनगर तहसील में एसडीएम जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में दर्ज हुई 21 शिकायतों में से 19 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। राजस्व विभाग से जुड़ी आठ, ब्लॉक से जुड़ी सात, पुलिस, सिंचाई, बिजली, नगर पालिका और लखवाड़ व्यासी परियोजना से जुड़ी एक-एक शिकायत दर्ज की गई। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। यहां फरियादियों के कम संख्या में आने के कारण दिनभर अधिकारी खाली बैठे नजर आए। मंगलवार सुबह दस से एक बजे तक तहसील दिवस का आयोजन किया गया। एसडीएम ने पूर्व में आयोजित तहसील दिवस में दर्ज हुई शिकायतों की भी समीक्षा की। ज्यादातर शिकायतों का निस्तारण होने पर उन्होंने अधिकारियों की पीठ थपथपाई।