ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
तेज बारिश के बीच भोजावाला में बरसाती नाला ओवरफ्लो हो गया। नाले का पानी खेतों के रास्ते होता हुआ बस्ती और मुख्य सड़क तक जा पहुंचा। जिससे कई लोगों के घरों में पानी घुस गया। लोगों का सामान बारिश के पानी में तैरने लगा। देर शाम तक भी पानी का जलस्तर कम नहीं हो सका था। नाले के उफान को देखते हुए तहसील प्रशासन अलर्ट पर है। शनिवार की रात लोगों को जागकर काटनी पड़ी। स्थानीय निवासी पं. कमलेश्वर शास्त्री, ज्ञान चंद, आलम सिंह, नसीब के घर में रखा सामान भीग कर खराब हो गया। अन्य लोगों को भी खासा नुकसान उठाना पड़ा है।
गुस्साए लोगों ने लगाया जाम
विकासनगर। जल निकासी की व्यवस्था न होने पर रविवार को भी रसूलपुर में क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया। पानी का जलस्तर लोगों के घुटनों तक जा पहुंचा। जिससे गुस्साए लोगों ने पेट्रोल पंप के पास शाम सात बजे दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सांकेतिक जाम लगा दिया। जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब दो घंटे तक लोगों ने जाम लगाए रखा। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज नीरज कुमार और ग्राम प्रधान दीपिका ने फोन पर ग्रामीणों की वार्ता एसडीएम से कराई। एसडीएम से मिले आश्वासन के बाद लोग शांत हुए। इसके बाद उन्होंने जाम खोल दिया। ग्राम प्रधान दीपिका ने बताया कि कुछ दिन पूर्व भी बारिश के बीच लोगों के घरों में पानी घुस गया था। तब उन्हें सार्वजनिक रूप से लोगों के भोजन की व्यवस्था करनी पड़ी थी। जाम लगाने वालों में कृष्णा तोमर, नीता राणा, पूजा चौहान, बिजना वर्मा, कमला रावत, शमशेर सिंह, सूरत सिंह, भोपाल सिंह, यशपाल आदि मौजूद रहे।