ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला।
माजरी ग्रांट ग्राम सभा के बालक्वांरी गांव में हाथियों के उत्पात से ग्रामीण खासे परेशान हैं। समूह में आ रहे हाथी किसानों की खेतों में तैयार हो रही धान, गन्ना के अलावा मक्का की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बड़कोट वन रेंज की सीमा से सटे बालक्वांरी गांव में देर रात हाथियों का झुंड आ धमका। हाथियों ने खेतों में तैयार हो चुकी मक्का की फसल को निशाना बनाया। किसान गुरदीप सिंह और पूरण बहादुर की मक्का की फसल का रौंदकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
इससे पहले भी हाथियों का झुंड खेतों में खड़ी गन्ने और धान की फसलों को नुकसान पहुंचा चुका है। इंटक कांग्रेस के प्रदेश संगठन सचिव शंकर सिंह महरालू ने बताया कि जंगली हाथियों द्वारा फसलों का क्षतिग्रस्त करने का उचित मुआवजा विभाग द्वारा नहीं मिल रहा है। फसलों के क्षतिग्रस्त होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाने को विवश होना पड़ रहा है। माजरी ग्रांट ग्राम प्रधान किरन पाल ने कहा कि हाथियों की समस्या को विभाग के उच्चाधिकारियों के पास ले जाया जाएगा। बड़कोट के डिप्टी रेंजर गणेश उनियाल ने बताया कि हाथियों को खदेड़ने के लिए विभागीय गश्ती दल सक्रिय होकर काम कर रहा है। अधिक आमद होने पर गश्त बढ़ाई जा रही है।