ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों की बढ़ती आमद के मद्देनजर संयुक्त रोटेशन व्यवस्था समिति 30 बसें लगाने जा रहा है। प्रशासन की मांग पर समिति ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने जरूरत पड़ने पर और बसें उपलब्ध कराने का वायदा भी किया है। शुक्रवार को चारधाम यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड के समीप समिति की बैठक हुई, जिसमें लोकल रोटेशन अध्यक्ष प्यार सिंह गुनसोला ने प्रशासन की ओर से मांगी गई बसों की डिमांड को रखा। जिस पर समिति से जुड़े अन्य निजी परिवहन कंपनियों के पदाधिकारियों ने हामी भरी।
गुनसोला ने बताया कि कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों को लाने व ले जाने को टीजीएमओ और यातायात कंपनी के माध्यम से 30 बसों की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया है। मौके पर टीजीएमओ के अध्यक्ष प्रीतम सिंह नेगी, यातायात कंपनी के पूर्व अध्यक्ष कुंवर सिंह रावत, मनोज ध्यानी, बलवीर सिंह रौतेला, भानु प्रकाश रांगड़, सुरेश कंडियाल आदि मौजूद थे।