ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
स्थानीय मुख्य डाकघर में साफ्टवेयर बदलने से उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि डाक विभाग ने साफ्टवेयर सिस्टम के सुचारू संचालन के लिए सप्ताहभर का समय मांगा था, लेकिन अबतक समाधान नहीं हो सका है।
गौरतलब है कि ऋषिकेश मुख्य डाकघर में जर्मन कंपनी का साफ्टवेयर सिस्टम लगाया गया है। इसके बाद से सर्वर संबंधी समस्या बनी हुई है। स्थानीय उपभोक्ता रविंद्र कुमार, राजपाल सिंह आदि ने बताया कि डाक विभाग की ओर से बीते माह पांच जुलाई को सिस्टम में बदलाव के लिए सप्ताहभर में व्यवस्था सुचारू करने की बात कही थी, लेकिन करीब एक महीना बीतने को है। इसके बावजूद नया साफ्टवेयर अभी भी ठीक से कार्य नहीं कर पा रहा है। इसके कारण उन्हें धन आहरण व भुगतान आदि कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं। बावजूद इसके डाक महकमा उपभोक्ताओं की समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है। इस बाबत मुख्य डाकघर के पोस्टमास्टर गोविंद सिंह भंडारी ने बताया कि साफ्टवेयर बदलने से सर्वर संबंधी दिक्कत चल रही हैं। हालांकि गोविंद सिंह भंडारी का दावा है कि लोगों के कार्य हो रहे हैं, किसी का कार्य प्रभावित नहीं हुआ है। बताया कि शुरुआती दिनों में थोड़ी दिक्कतें आई थीं, लेकिन अब कोई परेशानी नहीं है।