श्रीनगर। गढ़वाल विवि प्रशासन ने एकाउंट विभाग के सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस दिए जाने का कारण कुछ दिन पूर्व मीडिया में प्रकाशित टीए बिल प्रकरण बताया जा रहा है। विभाग ने मामले में दस्तावेज मीडिया तक पहुंचने पर कर्मचारियों के खिलाफ यह कदम उठाया है। वित्त अधिकारी का कहना है विभागीय दस्तावेज लीक होने की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
गढ़वाल विवि में वाहन बिल मामला थमता नजर नहीं आ रहा है। इस संबंध में मीडिया में खबर प्रकाशित होने से बौखलाए विवि प्रशासन ने अब अपने एकाउंट विभाग के सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यहां बता दें कि 28 जुलाई के अमर उजाला अंक में गढ़वाल विवि का कारनामा : 600 किमी का सफर दिखाया 1400 किमी शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। खबर से संबंधित टीए बिल की कॉपी की फोटो भी प्रकाशित की गई थी। खबर व टीए बिल की कॉपी प्रकाशित होने पर विवि में हड़कंप मचा रहा। खबर से बौखलाए विवि प्रशासन ने सोमवार को एकाउंट विभाग के सभी कर्मचारियों को दस्तावेज लीक होने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। प्रशासन ने इन सभी कर्मचारियों से तीन घंटे के भीतर जवाब देने के लिए कहा है। बताया जा रहा है कि कुछ कर्मचारियों ने अपना स्पष्टीकरण भी दे दिया है। वित्त अधिकारी प्रो. एनएस बिष्ट ने कहा कि एकाउंट विभाग के सभी कर्मचारियों को नोटिस भेजा गया है। विभागीय दस्तावेज लीक होने के मामले में जिम्मेदारी तय की जाएगी।
विवि प्रशासन ने जहां एक ओर एकाउंट विभाग के कर्मचारियों को नोटिस जारी किए हैं, वहीं दूसरी ओर टीए बिल मामले मे कोई कार्रवाई नहीं की है। जबकि कर्मचारी मामले में उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की बात कह रहे हैं।