गैरसैंण। ब्लाक के जिनगोड़ गांव में एक किशोर ने मां की डांट से नाराज होकर फांसी लगाकर जान दे दी। जिनगोड़ निवासी राजबीर (16) पुत्र महेशराम राजकीय इंटर कालेज आगरचट्टी में दसवीं का छात्र है।
रविवार सुबह वह दोस्तों के साथ खेलने चला गया। काफी देर के बाद वह घर पहुंचा। देरी से घर आने पर राजबीर की मां हेमा देवी ने उसे डांट लगा दी। वह नाराज होकर घर के पहली मंजिल के कमरे पर चला गया। हेमा देवी भूतल पर बनी रसोई में खाना बनाने लगी। कुछ देर बाद जब हेमा राजबीर को खाना खाने के लिए बुलाने गई तो देखा राजबीर पंखे के हुक पर दुपट्टे से लटका हुआ था। यह देख हेमा चिल्लाने लगी। आवाज सुन आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राजबीर को उतारा। राजबीर को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह नेगी ने बताया कि शव कब्जे में ले लिया गयाहै। सोमवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।